नेपाल के नेता लामिछाने परिवार के साथ बनबसा सीमा से भारत पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल के नेता लामिछाने परिवार के साथ बनबसा सीमा से भारत पहुंचे


नेपाल के नेता लामिछाने परिवार के साथ बनबसा सीमा से भारत पहुंचे


चंपावत, 23 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (रास्वपा) के अध्यक्ष रवि लामिछाने शुक्रवार को परिवार के साथ बनबसा सीमा के रास्ते भारत पहुंचे। वह तीन दिवसीय निजी धार्मिक यात्रा पर आए हैं। इस दौरान उनके उत्तराखंड स्थित कैंचीधाम में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन करने और असम के गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लामिछाने शुक्रवार दोपहर हवाई मार्ग से काठमांडू से धनगढ़ी पहुंचे। यहां से सड़क मार्ग से बनबसा सीमा पार कर वह कैंचीधाम के लिए रवाना हुए। उनके साथ पत्नी निकिता पौडेल और परिवार के अन्य सदस्य भी हैं।

लामिछाने की इस यात्रा को निजी और धार्मिक बताया जा रहा है। उनके करीबी सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है कि उन्होंने बाबा नीम करौली महाराज से मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने के बाद वह दर्शन के लिए भारत आए हैं। हालांकि, इस संबंध में लामिछाने की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

तीन दिवसीय यात्रा के दौरान कैंचीधाम में दर्शन के बाद उनके गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर जाने की भी योजना है। नेपाल की राजनीति में प्रमुख स्थान रखने वाले लामिछाने के भारत आगमन को लेकर बनबसा सीमा क्षेत्र में चर्चा रही। हालांकि, उनके इस दौरे के दौरान किसी राजनीतिक कार्यक्रम या मुलाकात की जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल उनकी यात्रा को व्यक्तिगत और धार्मिक दौरे के रूप में देखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765487 Articles

Share this story