युवा संसद में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' पर युवाओं ने रखे तर्क

WhatsApp Channel Join Now
युवा संसद में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' पर युवाओं ने रखे तर्क


युवा संसद में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' पर युवाओं ने रखे तर्क


युवा संसद में 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' पर युवाओं ने रखे तर्क


चंपावत, 04 नवंबर (हि.स.)। लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपने विचार रखने का मंच देने के उद्देश्य से बुधवार को सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर चम्पावत में विकसित भारत युवा संसद-2026 का जिला स्तरीय आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत, चम्पावत की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' विषय पर अपने विचार और तर्क प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में भानु प्रताप सिंह तड़ागी, प्राची चौहान और सागर मौनी विजेता रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर एनएस नगरकोटी रहे। इस अवसर पर डॉ. सुभाष चंद्र, मेरा युवा भारत के उपनिदेशक शैलेश भट्ट, डॉ. रश्मि रावत, डॉ. एमपी जोशी और निर्णायक मंडल के सदस्य जनार्दन चिलकोटी मौजूद रहे।

प्रतिभागियों ने निर्धारित तीन मिनट की समयावधि में एक साथ चुनाव कराने की अवधारणा, इसके संभावित लाभ, चुनौतियों और भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर अपने विचार रखे। युवाओं ने चुनावी प्रक्रिया, संसाधनों के उपयोग, लोकतांत्रिक जवाबदेही और संवैधानिक पहलुओं पर भी तर्क प्रस्तुत किए।

मेरा भारत के उपनिदेशक शैलेश भट्ट ने कहा कि विकसित भारत युवा संसद का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और तार्किक चिंतन को प्रोत्साहित करना है। ऐसे मंच युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के विषयों को समझने और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का अवसर प्रदान करते हैं।

निर्णायक जनार्दन चिलकोटी ने बताया कि प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय की समझ, तथ्यों की प्रासंगिकता, प्रस्तुति, मौलिकता, रचनात्मकता, भाषा प्रवाह और समय पालन के आधार पर किया गया। उन्होंने युवा संसद को युवाओं में तार्किक क्षमता और लोकतांत्रिक सोच विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

प्रतिभागी भानु प्रताप सिंह तड़ागी ने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करते हुए राष्ट्रीय और नीतिगत विषयों पर तथ्यों के आधार पर अपनी राय रखनी चाहिए। प्राची चौहान और सागर मौनी ने भी युवा संसद को अपनी अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया।

आयोजकों के अनुसार जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित शीर्ष तीन प्रतिभागी राज्य स्तरीय दौर में जनपद चम्पावत का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नई दिल्ली स्थित संसद भवन के संविधान सदन में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद के ग्रैंड फिनाले में भाग लेने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story