लोहाघाट में योग के जरिए स्वास्थ्य और पर्यावरण जागरूकता पर जोर
चंपावत, 26 मई (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को लेकर जिले में योग कार्यक्रमों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में कोलीढेक झील में ऑनलाइन योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रतिभागियों ने प्राकृतिक वातावरण के बीच कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच का संदेश दिया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. प्रकाश सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम से प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। योग विशेषज्ञों ने नियमित योग को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताते हुए लोगों को इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान योग को पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के साथ संतुलित जीवनशैली से जोड़ते हुए जागरूकता संदेश भी दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रकृति और मानव जीवन के बीच सामंजस्य स्थापित करने की महत्वपूर्ण कड़ी भी है।
आयुष विभाग ने बताया कि योग दिवस काउंटडाउन श्रृंखला के तहत कोलीढेक झील में आगे भी ऑनलाइन योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभाग की ओर से योग प्रेमियों और क्षेत्रीय लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

