महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की 30 बालिका खिलाड़ियों का पऊ विद्यालय में नामांकन, स्वागत समारोह आयोजित।

WhatsApp Channel Join Now
महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की 30 बालिका खिलाड़ियों का पऊ विद्यालय में नामांकन, स्वागत समारोह आयोजित।


महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की 30 बालिका खिलाड़ियों का पऊ विद्यालय में नामांकन, स्वागत समारोह आयोजित।


चम्पावत, 30 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज छमनिया में चयनित 30 बालिका खिलाड़ियों का गुरुवार को राजकीय आदर्श कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय पऊ में नामांकन किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रवेश उत्सव में छात्राओं का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया।

प्रधानाध्यापिका एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका सुशीला चौबे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। नवप्रवेशी छात्राओं को रोली-टीका लगाकर तथा पुष्प अर्पित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पुष्कर नाथ गोस्वामी एवं ललित मोहन तिवारी ने किया।

प्रधानाध्यापिका सुशीला चौबे ने छात्राओं को विद्यालय अनुशासन, नियमित अध्ययन तथा खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा के संतुलित समन्वय से ही छात्राएं अपने लक्ष्य हासिल कर सकती हैं।

इस दौरान विद्यालय परिवार और अतिथियों ने छात्राओं का परिचय प्राप्त कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने विद्यालय में कराए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, खेल विभाग एवं संबंधित निर्माण एजेंसियों का आभार व्यक्त किया। बताया गया कि विभिन्न विभागों के सहयोग से विद्यालय में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य संपन्न किए गए हैं।

स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज शर्मा द्वारा नवप्रवेशी छात्राओं के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने पर भी धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें आगामी खेल प्रतियोगिताओं और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में शिक्षिका गीता जोशी, स्टेडियम कोच मोहन राणा, स्पोर्ट्स कॉलेज की वार्डन कविता, प्रशासनिक अधिकारी मनीष बोहरा, पूजा देवी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। प्रवेश उत्सव के अवसर पर छात्राओं को मिष्ठान वितरित किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना राज्य की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे बेटियों को खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story