युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच, टनकपुर में चयन प्रक्रिया पूरी

WhatsApp Channel Join Now
युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच, टनकपुर में चयन प्रक्रिया पूरी


युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच, टनकपुर में चयन प्रक्रिया पूरी


चम्पावत, 20 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत जनपद चम्पावत के 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के बालक खिलाड़ियों की जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया गुरुवार को स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में संपन्न हुई। चयन प्रक्रिया में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 160 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।

योजना का उद्देश्य जनपद की उभरती खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन प्रदान करना है। चयन प्रक्रिया में एथलेटिक्स में सर्वाधिक 55 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसके अलावा फुटबॉल में 32, बॉक्सिंग में 19, हॉकी में 13, कराटे एवं बास्केटबॉल में 12-12, जूडो में नौ तथा ताइक्वांडो में आठ खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

खिलाड़ियों के चयन के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप शारीरिक दक्षता और खेल क्षमता का मूल्यांकन किया गया। इसके तहत 800 मीटर दौड़, 30 मीटर फ्लाइंग स्टार्ट, मेडिसिन बॉल थ्रो, शटल रन और वर्टिकल जंप जैसे परीक्षण आयोजित किए गए। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी ललित मोहन कुंवर तथा स्टेडियम प्रभारी गौरव खोलिया की देखरेख में किया गया। आयोजन में शिक्षा विभाग से ललित मोहन भट्ट, रचित वल्दिया, चंद्र सिंह खोलिया, ममता बिष्ट, दिनेश नेगी, प्रदीप कश्यप, नवीन पुनेठा, हिमांशु गड़कोटी, भुवन जोशी, चंद्रा पांडे और रीना राणा ने सहयोग प्रदान किया।

खिलाड़ियों के तकनीकी मूल्यांकन के लिए विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक और विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। फुटबॉल में पवनेश पाटनी, रण बहादुर मल और नितिन ढेक, बॉक्सिंग में सूरज पांडे और आनंद सिंह, हॉकी में प्रकाश सिंह, मनमोहन डांगी और गौरव पंत, बास्केटबॉल में सुभाष पांडे और शिवम डांगा, एथलेटिक्स में कृष्णा, आकाश और नरेन्द्र, कराटे में विजय रावत, दीपक और राकेश जोशी, ताइक्वांडो में इमरान अली, क्रिकेट में मनोज टकवाल, हैंडबॉल में महेश चुफाल तथा सेपक टाकरा में राजेन्द्र सिंह ने खिलाड़ियों का आकलन किया।

चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। खेल विभाग के अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि योजना के माध्यम से जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story