संस्कृत प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग, विभिन्न विधाओं में मुकाबला

WhatsApp Channel Join Now
संस्कृत प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग, विभिन्न विधाओं में मुकाबला


संस्कृत प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग, विभिन्न विधाओं में मुकाबला


चम्पावत, 07 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड संस्कृत अकादमी के तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में बुधवार को जिलेभर से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। श्लोकोच्चारण, आशुभाषण, संस्कृत नाटक, समूहगान, समूह नृत्य और संस्कृत वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा, साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आनंद सिंह अधिकारी के प्रतिनिधि रमेश चंद्र भट्ट, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य वासुदेव ओली, दीप चंद्र पुनेठा तथा अन्य अतिथि मौजूद रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने संस्कृत भाषा के संरक्षण और संवर्धन पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से इसके अध्ययन और व्यवहारिक उपयोग को बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर प्रदान करती हैं।

जनपद संयोजक वेद प्रकाश पंत ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन कनिष्ठ वर्ग की विभिन्न विधाओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और उत्साह के साथ प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं का स्तर बेहतर रहने से निर्णायकों को चयन प्रक्रिया में काफी मंथन करना पड़ा।

कार्यक्रम का संचालन हरीश चंद्र कलौनी, सतीश जोशी और जगदीश चंद्र जोशी ने किया। निर्णायक मंडल में राजू पंत, डीसी प्रभात पाण्डेय, डीसी महेश भट्ट, डॉ. भूप सिंह धामी, विद्यासागर लोहनी, ममता सोराड़ी, ओम प्रकाश जोशी और प्रशांत तिवारी सहित अन्य शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story