चंपावत में कार से छिटककर 150 मीटर गहरी खाई में गिरा युवक, मौत

WhatsApp Channel Join Now
चंपावत में कार से छिटककर 150 मीटर गहरी खाई में गिरा युवक, मौत


चंपावत में कार से छिटककर 150 मीटर गहरी खाई में गिरा युवक, मौत


चंपावत, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के चंपावत जिले में टनकपुर-चंपावत मार्ग पर स्वाला के पास रविवार को एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में उत्तर प्रदेश निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार चार अन्य लोग सुरक्षित बच निकले। एसडीआरएफ की टीम ने दुर्गम खाई में रेस्क्यू अभियान चलाकर मृतक का शव बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 से 30 मीटर नीचे खाई में जा गिरी और पेड़ पर अटक गई। वाहन में पांच लोग सवार थे। हादसे के दौरान एक युवक कार से छिटककर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जबकि चार अन्य किसी तरह बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए।

घटना की सूचना पर एसडीआरएफ की चंपावत पोस्ट से उप निरीक्षक प्रेम उपरारी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में उतरकर काफी मशक्कत के बाद खाई में गिरे युवक को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान अजीत कुशवाहा पुत्र आनंद कुशवाहा, निवासी गोंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए मौके पर मौजूद पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785081 Articles

Share this story