पूर्णागिरि रोपवे परियोजना में तेजी, पांच मिनट में धाम पहुंच सकेंगे श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
पूर्णागिरि रोपवे परियोजना में तेजी, पांच मिनट में धाम पहुंच सकेंगे श्रद्धालु


पूर्णागिरि रोपवे परियोजना में तेजी, पांच मिनट में धाम पहुंच सकेंगे श्रद्धालु


चम्पावत, 22 अगस्त (हि.स.)। मां पूर्णागिरि धाम में प्रस्तावित रोपवे परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है और रोपवे परियोजना के पूरा होने से यात्रा अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और विभागीय समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

परियोजना प्रबंधक महेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहा रोपवे अत्याधुनिक ‘ट्राई केबल जिग बैक’ प्रणाली पर आधारित है। इसकी कुल लंबाई करीब 950 मीटर तथा ऊंचाई लगभग 250 मीटर होगी। परियोजना के तहत दो केबिन स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 60+1 यात्रियों की होगी। रोपवे के माध्यम से प्रति घंटे लगभग 800 श्रद्धालुओं को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि रोपवे के संचालन के बाद श्रद्धालु मात्र पांच मिनट में मां पूर्णागिरि धाम पहुंच सकेंगे। इससे विशेष रूप से वृद्धजन, बच्चे और दिव्यांग श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में कठिन चढ़ाई के कारण कई श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story