लापता किशोरी गर्भवती मिली, नाबालिग पर पॉक्सो का मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

चंपावत, 06 अक्टूबर (हि.स.)। चंपावत कोतवाली क्षेत्र से लापता हुई किशोरी को पुलिस ने कुछ घंटों में बरामद कर लिया। चिकित्सकीय परीक्षण में किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में एक 16 वर्षीय किशोर के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और कुछ ही समय में उसे बरामद कर लिया। इसके बाद किशोरी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान एक नाबालिग किशोर की भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने आरोपी किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया। बोर्ड ने 16 वर्षीय किशोर को हरिद्वार स्थित बाल सुधारगृह भेजने के आदेश दिए। वहीं किशोरी को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

चंपावत कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि चिकित्सकीय जांच में किशोरी के गर्भवती होने की पुष्टि के बाद पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story