नशामुक्ति अभियान की समीक्षा, जागरूकता और कार्रवाई पर जोर
चम्पावत, 12 अगस्त (हि.स.)। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा के लिए बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय एनकोर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष कुमार ने की। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार और नशामुक्ति अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में 11 अगस्त तक एनडीपीएस अधिनियम के तहत 42 मामलों में 57 आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इस दौरान 903.06 ग्राम हेरोइन/स्मैक, 391 नशीले इंजेक्शन, 1,968 नशीले कैप्सूल तथा 5.215 किलोग्राम चरस बरामद की गई। इसके अतिरिक्त अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध चलाए गए अभियान में 425 नाली क्षेत्र में उगाई जा रही भांग की खेती नष्ट की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि नशे के विरुद्ध कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि इसके स्रोतों को समाप्त करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में दोबारा अवैध भांग की खेती की सूचना मिले, वहां संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
बैठक में बताया गया कि विगत एक माह में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नशामुक्ति एवं जनजागरूकता से जुड़े 32 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 2,500 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। जिलाधिकारी ने युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाने तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों में नियमित जागरूकता एवं परामर्श सत्र संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशामुक्ति केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बस स्टैंड, राष्ट्रीय राजमार्गों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, प्रभागीय वनाधिकारी ढिनो पुरुषोत्तमन, क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल, एसएसबी सहायक कमांडेंट मंजीत यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, अपर समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

