फर्जी नियुक्ति पत्र और मोहर से एमईएस नौकरी का खेल, दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
फर्जी नियुक्ति पत्र और मोहर से एमईएस नौकरी का खेल, दो आरोपी गिरफ्तार


चंपावत, 29 सितंबर (हि.स.)। मिलिट्री इंजीनियर सर्विसेज (MES) में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से धनराशि लेने के आरोप में बनबसा पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 35 नियुक्ति एवं जॉइनिंग लेटर, एमईस बनबसा अंकित मोहर, स्टांप पैड, कूटरचित दस्तावेज, मेडिकल प्रमाण पत्र और दो मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, दड़ा फार्म सितारगंज निवासी गुरु शरण सिंह ने 28 सितम्बर को बनबसा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि बनबसा के भजनपुर निवासी धीरज सक्सेना और पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र निवासी गणेश बहादुर ने एमईएस में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे पांच हजार रुपये नकद और एक लाख 40 हजार रुपये ऑनलाइन लिए।

शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपित ने नियुक्ति पत्र देने और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर उसे कमल पथ, आर्मी एरिया बनबसा के पास बुलाया था। वहां उसे कुछ अन्य लोग भी मिले, जिन्होंने भी नौकरी के नाम पर धनराशि लिए जाने और नियुक्ति पत्र दिए जाने की बात बताई।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और देर रात दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में रियलमी और वीवो के मोबाइल फोन, स्टांप पैड, एमईस बनबसा की मोहर, विभिन्न लोगों के फोटोग्राफ, 35 नियुक्ति पत्र व जॉइनिंग लेटर, कूटरचित दस्तावेज, मेडिकल प्रमाण पत्र तथा टीवीएस वेगो स्कूटी बरामद की गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में एक आरोपित के मोबाइल फोन से बड़ी रकम के लेन-देन की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब अन्य संभावित पीड़ितों, लेन-देन और मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story