प्रतियोगी परीक्षाओं और व्यावसायिक शिक्षा की जानकारी, विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन
चंपावत, 22 अक्टूबर (हि.स.)। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में गुरुवार को करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और रोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
बलिदानी सैनिक शिरोमणि चिलकोटी बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्कूली शिक्षा के दौरान ही भविष्य का लक्ष्य निर्धारित करने से आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की बेहतर योजना बनाई जा सकती है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तकनीकी एवं कौशल आधारित शिक्षा के माध्यम से रोजगार के अवसर तलाशने की जानकारी भी दी गई। साथ ही समय का सदुपयोग करने, अपनी क्षमताओं को पहचानने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकमणि पंत रहे, जबकि अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेद सिंह बिष्ट ने की। कुमाऊं इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग सर्विसेज के संचालक बंशीधर चिलकोटी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ट्रस्ट के संस्थापक जनार्दन चिलकोटी ने किया। इस दौरान आईटीआई के प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार से जुड़े विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी गई, ताकि वे अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप भविष्य की दिशा तय कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

