चम्पावत में मिठाई दुकानों की जांच, आठ किलो खराब मिठाई नष्ट कराई

WhatsApp Channel Join Now
चम्पावत में मिठाई दुकानों की जांच, आठ किलो खराब मिठाई नष्ट कराई


चम्पावत, 25 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए चम्पावत में खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मुख्य बाजार स्थित विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ प्रतिष्ठानों के किचन की स्वच्छता और हाइजीन व्यवस्था की भी जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से मावा बर्फी, बेसन लड्डू, गुलाब जामुन, बाल मिठाई और पेड़ा के पांच नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान एक मिठाई प्रतिष्ठान में करीब आठ किलोग्राम पुरानी और खराब मिठाई पाई गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही मिठाई को नष्ट कराया तथा संबंधित कारोबारी को चेतावनी नोटिस जारी किया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने खाद्य कारोबारियों को बिना बिल के खाद्य सामग्री की खरीद नहीं करने, स्टॉक का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने तथा खराब अथवा एक्सपायरी सामग्री का भंडारण और बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई, खाद्य स्वच्छता और कीट नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को लाइसेंस अथवा पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने, रेट लिस्ट लगाने तथा पैक्ड खाद्य पदार्थों पर निर्माण और समाप्ति तिथि की स्पष्ट जानकारी अंकित रखने के निर्देश भी दिए। प्रत्येक बिक्री पर कैश मेमो जारी करने और उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी खाद्य पदार्थों में मिलावट या अनियमितता की जानकारी मिलने पर विभाग को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है। निरीक्षण अभियान में सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे। विभाग के अनुसार आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story