दीपावली से पहले लोहाघाट में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली से पहले लोहाघाट में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी


चंपावत, 28 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोहाघाट में जनरल स्टोर, बेकरी और मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों, सूजी और रिफाइंड ऑयल समेत छह नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में की गई जांच में दुकानों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और एफएसएसएआई लाइसेंस की वैधता देखी गई। बेकरी उत्पादों और मिठाइयों पर निर्माण व एक्सपायरी तिथि अंकित होने की भी जांच की गई। कुछ प्रतिष्ठानों में यह विवरण नहीं मिला। संबंधित दुकानदारों को एक से दो दिन के भीतर आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को त्योहारी सीजन में ताजा और स्वच्छ खाद्य सामग्री बेचने तथा एक्सपायरी अवधि पार कर चुके उत्पादों की खरीद-बिक्री से बचने की हिदायत दी। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विभाग के अनुसार, आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। अभियान में सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story