चंपावत में अफीम के साथ मामी-भांजा गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
चंपावत में अफीम के साथ मामी-भांजा गिरफ्तार


चंपावत, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के चंपावत जिले में पुलिस ने 1.104 किलोग्राम अफीम के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों रिश्ते में मामी-भांजा हैं। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत 2.10 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर को टनकपुर के बिचई स्थित रेलवे अंडरपास के उत्तरी छोर पर एसओजी, एएनटीएफ और टनकपुर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम जांच कर रही थी। इसी दौरान टीवीएस मोटरसाइकिल पर सवार जसपाल वर्मा निवासी किच्छा, ऊधम सिंह नगर और रेशमवती निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से 1.104 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1,150 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पूछताछ में आरोपितों ने अफीम अपने रिश्तेदार विनोद लोधी निवासी बरेली से खरीदकर लाने की बात कही। पुलिस के अनुसार, उन्होंने नेपाल सीमा पर एक नेपाली नागरिक को अफीम बेचने की जानकारी भी दी है। मामले में अन्य संबंधित लोगों और कथित तस्करी नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।

इस मामले में टनकपुर कोतवाली में दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/18/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में हुई कार्रवाई में एसओजी, एएनटीएफ और टनकपुर पुलिस की टीम शामिल रही।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story