विश्व युवा कौशल दिवस पर युवाओं को कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक

WhatsApp Channel Join Now
विश्व युवा कौशल दिवस पर युवाओं को कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक


चम्पावत, 15 जुलाई (हि.स.)। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) चम्पावत की ओर से बुधवार को ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में विशेष विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को कौशल विकास के साथ-साथ कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भवदीप रावते ने की। उन्होंने कहा कि युवा देश के भविष्य के निर्माता हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल के साथ-साथ विधिक ज्ञान भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी रखने वाला युवा न केवल स्वयं सशक्त बनता है, बल्कि समाज को भी जागरूक और सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

रावते ने युवाओं से निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं का लाभ उठाने तथा किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने विभिन्न विधिक सेवाओं और जनकल्याणकारी प्रावधानों की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में चम्पावत तहसील के पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) ने भी सहभागिता करते हुए उपस्थित लोगों को विभिन्न कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्रदान की। इस दौरान लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विधिक जानकारी से संबंधित पैम्फलेट भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आरसेटी के निदेशक प्रांशु मैठानी का विशेष सहयोग रहा, जबकि संचालन प्रकाश चन्द्र जोशी ने किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों, पीएलवी सदस्यों व स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story