देवीधुरा मेले की तैयारियां तेज, डीएम ने अधिकारियों को निर्देश
चम्पावत, 05 अगस्त (हि.स.)। ऐतिहासिक माँ बाराही धाम देवीधुरा मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 23 अगस्त से 4 सितम्बर तक आयोजित होने वाले मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध रूप से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि माँ बाराही धाम देवीधुरा मेला प्रदेश की आस्था, संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस विभाग को संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने तथा मेला क्षेत्र में सतत निगरानी बनाए रखने को कहा गया। यातायात व्यवस्था को लेकर एआरटीओ और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से ट्रैफिक प्लान तैयार करने, पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण करने, आवश्यक डायवर्जन लागू करने तथा प्रमुख मार्गों पर संकेतक और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत और संबंधित विभागों को मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा अस्थायी शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं जल संस्थान को पेयजल, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा लोक निर्माण विभाग को संपर्क मार्गों की मरम्मत और गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को एल्कोमीटर जांच अभियान संचालित करने तथा पूर्ति विभाग को आवश्यक खाद्य सामग्री की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नीतू डागर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, जिला पंचायत एएमए अनिल जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, मेला संयोजक मोहन सिंह बिष्ट, सह संयोजक जगदीश सिंघवाल, राजेश बिष्ट, अमित लमगड़िया, लक्ष्मी दत्त जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेला प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

