चम्पावत में बन रहा अत्याधुनिक साइंस सेंटर, मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
चम्पावत में बन रहा अत्याधुनिक साइंस सेंटर, मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण


चम्पावत में बन रहा अत्याधुनिक साइंस सेंटर, मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण


चम्पावत में बन रहा अत्याधुनिक साइंस सेंटर, मुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण


चंपावत, 31 मार्च (हि.स.)। जिले में निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को स्थलीय निरीक्षण किया। लगभग 55.52 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट में कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा की उन्होंने विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित साइंस गैलरियों, चार मंजिला साइंस कैंपस और अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया। परिसर में 40 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे यह केंद्र आवासीय वैज्ञानिक शिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

यू-कॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने जानकारी दी कि परिसर में फन साइंस गैलरी, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल और एस्ट्रोनॉमी गैलरी विकसित की जा रही है। इसके साथ ही 120 क्षमता का ऑडिटोरियम और 71 सीटों वाला आधुनिक प्लैनेटेरियम भी तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा प्रदर्शित विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया और उनसे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि यह साइंस सेंटर भविष्य में राज्य के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा तथा दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को आधुनिक विज्ञान और खगोल विज्ञान से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा।

उन्होंने निर्माण एजेंसी को कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए और पर्यावरणीय मानकों एवं श्रमिक सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story