कक्षा सात के लिए तैयार होगा नया कंप्यूटर पाठ्यक्रम, डायट में 20 शिक्षक जुटे
चंपावत, 13 नवंबर (हि.स.)। स्कूली शिक्षा में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग और कंप्यूटर शिक्षा को अधिक व्यावहारिक बनाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) लोहाघाट में तीन दिवसीय कार्यशाला ‘एलगोनक्स’ शुरू हुई। कार्यशाला में कक्षा सात के लिए कंप्यूटर एजुकेशन कोर्स तैयार करने पर विशेष रूप से मंथन किया जा रहा है।
कार्यशाला का शुभारंभ डायट प्राचार्य दिनेश खेतवाल ने किया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. लता आर्य के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में आईआईटी रुड़की की संयुक्त रजिस्ट्रार डॉ. शीबा रमौला ने विशेषज्ञ सत्र लिया। इसमें चंपावत जिले के 20 आईसीटी दक्ष शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यशाला के दौरान कंप्यूटर शिक्षा के पाठ्यक्रम निर्माण, विषयवस्तु के नियोजन और विकास की नई प्रक्रियाओं पर चर्चा की जा रही है। व्यावहारिक सत्रों और सामूहिक विचार-विमर्श के माध्यम से शिक्षकों को तकनीक आधारित शिक्षण के प्रभावी तरीकों से परिचित कराया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर के अनुरूप कंप्यूटर पाठ्यक्रम विकसित करना और कक्षा शिक्षण में तकनीकी नवाचारों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

