शैलजा की जनसभा में कांग्रेस की गुटबाजी उजागर, मंच पर हंगामा और धक्का-मुक्की
लोहाघाट (चम्पावत), 18 नवंबर। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा की लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में बुधवार को बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी भी खुलकर सामने आ गई।
मंच पर जिला अध्यक्ष की कथित उपेक्षा, वरिष्ठ नेता को संबोधन का अवसर नहीं मिलने और महिला कार्यकर्ताओं की नाराजगी ने कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन को विवादों में ला दिया। सभा के दौरान हंगामा और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। महिला कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर धक्का-मुक्की करने के आरोप भी लगाए।
जनसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा और रंजीत रावत समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदेश स्तर के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी के बावजूद स्थानीय संगठन में समन्वय की कमी और आपसी खींचतान स्पष्ट दिखाई दी।
सभा के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिराग फर्त्याल मंच के एक किनारे खड़े नजर आए। उन्हें मंच पर अपेक्षित स्थान नहीं मिलने और संबोधन का अवसर नहीं दिए जाने को लेकर संगठन के भीतर असंतोष की स्थिति दिखाई दी। इससे स्थानीय नेतृत्व की भूमिका और पार्टी के भीतर राजनीतिक वर्चस्व को लेकर सवाल उठे।
विवाद उस समय और बढ़ गया जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोहर सिंह ढेक उर्फ मुन्ना ढेक ने मंच से अपनी बात रखने का प्रयास किया। उन्हें बोलने का अवसर नहीं मिलने पर उन्होंने माइक पकड़कर संबोधित करने की कोशिश की। इस दौरान मंच पर मौजूद लोगों के बीच तनातनी बढ़ गई और धक्का-मुक्की तथा हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। मुन्ना ढेक ने विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट दावेदारी का खुलकर विरोध किया।
उनका कहना था कि पार्टी किसी भी युवा चेहरे को टिकट दे, लेकिन खुशाल सिंह अधिकारी को टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। उनका यह विरोध जनसभा में स्थानीय स्तर पर टिकट को लेकर चल रही खींचतान का प्रमुख मुद्दा बनकर सामने आया।
इधर, महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी सभा के दौरान हुए घटनाक्रम पर कड़ी नाराजगी जताई। महिला कार्यकर्ताओं ने विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर धक्का-मुक्की करने के आरोप लगाते हुए आयोजन में कार्यकर्ताओं के साथ हुए व्यवहार पर सवाल उठाए। उनका विरोध इस बात का संकेत रहा कि असंतोष केवल कुछ नेताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन के अन्य वर्गों में भी नाराजगी मौजूद है।
सभा के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मीडिया कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की स्थिति सामने आई। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा से मीडिया की बातचीत नहीं हो सकी। मीडिया संवाद के प्रयास के दौरान विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की ओर से रोक लगाए जाने की स्थिति भी सामने आई।
राजनीतिक दृष्टि से इस जनसभा का उद्देश्य कांग्रेस की एकजुटता और चुनावी ताकत का प्रदर्शन करना था, लेकिन कार्यक्रम के दौरान सामने आए विरोधाभासों ने इसके संदेश को कमजोर कर दिया। एक ओर प्रदेश के वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद थे, दूसरी ओर जिला अध्यक्ष की कथित उपेक्षा, वरिष्ठ नेता का सार्वजनिक विरोध और महिला कार्यकर्ताओं की नाराजगी ने स्थानीय संगठन के भीतर नेतृत्व और संवाद के संकट को उजागर किया।
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले टिकट की दावेदारी को लेकर उभरे ये मतभेद कांग्रेस के लिए चुनौती बन सकते हैं। अब देखना होगा कि प्रदेश नेतृत्व इस असंतोष को किस तरह सुलझाता है और चम्पावत जिले में संगठनात्मक एकजुटता कायम करने के लिए क्या कदम उठाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

