सीएम के प्रस्तावित दौरे से पहले डीएम ने परखी तैयारियां

WhatsApp Channel Join Now
सीएम के प्रस्तावित दौरे से पहले डीएम ने परखी तैयारियां


सीएम के प्रस्तावित दौरे से पहले डीएम ने परखी तैयारियां


चंपावत, 22 अगस्त (हि.स.) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एक सितंबर को टनकपुर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रस्तावित भ्रमण और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संस्थान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, नवनिर्मित बालिका छात्रावास, नए सृजित संकायों और परिसर में चल रहे अन्य कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्थान के निदेशक डॉ. एच.एल. मंडोरिया और प्रबंधन टीम से विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप संस्थान के विस्तारीकरण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। संस्थान के विस्तार के लिए चार हेक्टेयर भूमि आवंटित की जा चुकी है तथा निर्माण एवं आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संस्थान में आयोजित ‘रोल ऑफ इंजीनियर इन द डेवलपमेंट ऑफ सोसाइटी’ विषयक कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों को सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर मेहनत करने की सलाह दी। नियमित अध्ययन, कक्षाओं में उपस्थिति, रिवीजन और व्यावहारिक ज्ञान को उन्होंने सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ शारीरिक फिटनेस, एक्स्ट्रा करिकुलर गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने को कहा। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने करियर प्लानिंग, परीक्षा के तनाव, समय प्रबंधन और सफलता की रणनीति से जुड़े सवाल पूछे। जिलाधिकारी ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्हें सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान विद्यार्थी भविष्य में समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, इसलिए उन्हें अपने विद्यार्थी जीवन के समय और अवसरों का अधिकतम उपयोग करना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story