स्मैक तस्करी की कोशिश नाकाम, एसएसबी ने स्मैक सहित युवक पकड़ा

WhatsApp Channel Join Now
स्मैक तस्करी की कोशिश नाकाम, एसएसबी ने स्मैक सहित युवक पकड़ा


चंपावत, 02 मार्च (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 57वीं वाहिनी ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसएसबी ने एक नेपाली युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। यह युवक सीमा पार कर नशीला पदार्थ नेपाल ले जाने का प्रयास कर रहा था।

एसएसबी को विश्वसनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर शारदा बैराज के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई। जवानों ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के पास से 5.36 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान समीर भंडारी (20) निवासी नेपाल के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह भारत से स्मैक खरीदकर नेपाल ले जा रहा था। यह कार्रवाई कमान अधिकारी मनोज कुमार के निर्देशन में सहायक कमांडेंट दिनेश कुमार की मौजूदगी में निरीक्षक लाल चंद के नेतृत्व में की गई। टीम में मुख्य आरक्षी सुरेंद्र और विजय कुमार के साथ आरक्षी नितीश कुमार, अरुण राठौर, आलोक कुमार और अनुराग पांडे भी शामिल थे।

एसएसबी ने बरामद स्मैक और गिरफ्तार आरोपित को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बनबसा पुलिस को सौंप दिया है। सीमा सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए निगरानी और जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story