गुरु रविदास जयंती वर्ष पर समरसता संकल्प अभियान के तहत होंगे विविध कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
गुरु रविदास जयंती वर्ष पर समरसता संकल्प अभियान के तहत होंगे विविध कार्यक्रम


चंपावत, 30 जुलाई (हि.स.) संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनपद में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर गुरुवार को पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे “समरसता संकल्प अभियान” की जानकारी साझा की गई।

भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में गुरु रविदास जयंती वर्ष को व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन कर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा ने बताया कि 29 जुलाई से प्रारंभ हुए समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरु रविदास मंदिरों एवं अन्य सामाजिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सामाजिक समरसता से जुड़े आयोजन किए जा रहे हैं। इसके साथ ही कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, छात्रावास संपर्क अभियान और समरसता यात्रा का भी चरणबद्ध आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई को जनपद के विभिन्न संत रविदास मंदिरों में दीपोत्सव एवं सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं 30 जुलाई को वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी एवं कलश के स्वागत कार्यक्रम संपन्न होंगे। इसके उपरांत विभिन्न मंडलों और क्षेत्रों में समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित कर समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

दर्जा राज्यमंत्री श्याम नारायण पांडे ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता, आत्मसम्मान और मानवता का प्रेरक प्रतीक है। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव मिटाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज में सौहार्द, सम्मान और समरसता की भावना को सुदृढ़ करना है।

पत्रकार वार्ता की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत ने की तथा संचालन जिला मीडिया संयोजक राजू गड़कोटी ने किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शंकर दत्त पांडे, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश पांडे, गौरव पांडे तथा लक्ष्मण सिंह बोहरा उपस्थित रहे। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए राजू बिष्ट को जिला संयोजक तथा राजू गड़कोटी, शशांक गोयल, मुकेश जोशी और सूरज कुमार को सहसंयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story