चमोली-खैनुरी सड़क मार्ग के सुधारीकरण की कवायद तेज

WhatsApp Channel Join Now
चमोली-खैनुरी सड़क मार्ग के सुधारीकरण की कवायद तेज


गोपेश्वर, 03 अगस्त (हि.स.)। लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग का डीएम गौरव कुमार के निर्देश पर तहसील प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भूस्खलन प्रभावित स्थलों, क्षतिग्रस्त सड़क हिस्सों और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेकर आवश्यक सुधार कार्यों की रिपोर्ट तैयार की गई।

दशोली विकासखंड अंतर्गत चमोली-खैनुरी मोटर मार्ग पर लगातार वर्षा के कारण कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। मानसून के दौरान सुरक्षित एवं सुचारु यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर तत्काल स्थिति का आकलन करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा था।

निरीक्षण के दौरान टीम ने सड़क पर जमा मलबे को तत्काल हटाने, जलभराव रोकने के लिए नालियों की सफाई एवं निर्माण कराने तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत करने की आवश्यकता बताई। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सभी आवश्यक कार्य जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जनपद के संवेदनशील मोटर मार्गों की नियमित निगरानी की जा रही है और किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डीएम ने कहा कि आमजन की सुविधा और सुरक्षित आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क मार्गों को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि ग्रामीणों और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Share this story