आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी के निर्देश
चमोली, 16 अगस्त (सू.वि.)। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने रविवार को जिला सभागार गोपेश्वर में आपदा प्रबंधन, राहत एवं पुनर्वास कार्यों की विभागवार समीक्षा की।
उन्होंने तमकनाला और टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में चल रहे रेस्क्यू अभियानों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत में टीएचडीसी टनल हादसे में दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
मंत्री ने अधिकारियों से आपदा से हुए नुकसान और प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि तमकनाला और टीएचडीसी टनल में रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक उपकरणों और उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाए। सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्य करें तथा प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की शीघ्र मरम्मत और तब तक वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को क्षतिग्रस्त पोल एवं लाइनों को दुरुस्त कर प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को पर्याप्त राशन एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने को कहा।
चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रखने और आवश्यकता के अनुसार एंबुलेंस की तैनाती के निर्देश दिए।
ज्योतिर्मठ, बहुगुणानगर सहित अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
मंत्री ने आपदा से विस्थापित परिवारों को नियमानुसार तत्काल मुआवजा एवं राहत सहायता उपलब्ध कराने तथा अवरुद्ध मार्गों को शीघ्र खोलने के निर्देश दिए। पीएमजीएसवाई की सड़कों और पुलों की एप्रोच रोड से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने एसडीआरएफ के मानकों में अर्बन रोड को शामिल करने तथा एसडीआरएफ के गठन में इंजीनियरों की नियुक्ति का सुझाव दिया। मंत्री ने सुझाव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए संबंधित प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए।
आयुष विभाग को आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और उपलब्ध चिकित्सकों और मानव संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने सभी विभागों को राहत, बचाव, पुनर्वास और आवश्यक सेवाओं की बहाली में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, दर्जा मंत्री चंद्रकला तिवाड़ी, हरक सिंह नेगी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

