सिडकुल में अवैध पार्किंग पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 45 भारी वाहनों के चालान

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। सिडकुल क्षेत्र में अवैध पार्किंग कर यातायात बाधित करने वाले भारी वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में सड़क पर बेतरतीब खड़े मिले 45 भारी वाहनों के चालान किए गए। साथ ही इन वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की गई।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सिडकुल क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे और यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

उन्होंने बताया कि सिडकुल में भारी वाहनों के साथ ही आमजन की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है। ऐसे में अवैध पार्किंग के कारण जाम की स्थिति पैदा होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। वाहन चालकों और स्वामियों को निर्धारित एवं अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं।

परिवहन विभाग के अनुसार वाहनों को ब्लैकलिस्ट किए जाने से नियमानुसार उनकी फिटनेस और अन्य विभागीय सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। विभाग ने ट्रांसपोर्टरों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों से पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोबारा उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780316 Articles

Share this story