जनगणना-2027 के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना-2027 के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


हरिद्वार, 17 अप्रैल (हि.स.)। ‘जनगणना-2027’ के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सफल संचालन के लिए शुक्रवार को बीएचईएल हरिद्वार स्थित मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार के निर्देशन में किया गया। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक संजय पंवार ने जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए इसे महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण कार्य कहा।

उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य दो चरणों में किया जाएगा तथा बीएचईएल आईटीएस क्षेत्र को 10 सेक्टरों और 43 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। प्रशिक्षण 17 से 19 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें 53 गणनाकर्ता एवं पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डिजिटल उपकरणों के उपयोग, डेटा संकलन प्रक्रिया, घर-घर सर्वेक्षण की विधि और सटीक जानकारी एकत्र करने संबंधी सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

अधिकारियों ने प्रतिभागियों से अपने दायित्वों का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की। इस अवसर पर एचआरडीसी प्रभारी हरीश सिंह बगवार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story