उत्तराखंड में जनगणना-2027 की तैयारियां पूरी, एक दिसंबर से घर-घर होगी गणना

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड में जनगणना-2027 की तैयारियां पूरी, एक दिसंबर से घर-घर होगी गणना


-जनगणना के दूसरे चरण में जुटाई जाएगी 40 बिंदुओं पर जानकारी, 16 नवंबर से स्व-गणना शुरू

देहरादून, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड में जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश में एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इस दौरान परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित 40 बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जाएगी। इससे पहले 16 से 30 नवंबर तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे।

जनगणना कार्य निदेशालय, गृह मंत्रालय की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव और सचिव जनगणना दीपक कुमार ने बताया कि जनगणना के लिए प्रदेश में कुल 34,443 गणना ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। इनके लिए 26,830 प्रगणक और 4,676 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। अब तक 29,515 प्रगणकों और 5,223 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण के लिए 23 मास्टर ट्रेनर और 570 फील्ड ट्रेनर तैनात किए गए हैं। अब तक 712 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद एक दिसंबर से चार जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित परिवार अनुसूची के माध्यम से जानकारी जुटाएंगे। इसके बाद पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा। जनगणना की संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की मध्यरात्रि यानी रात 12 बजे निर्धारित की गई है।

जनसंख्या गणना के दौरान परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित 40 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। इसमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, मातृभाषा, साक्षरता, शैक्षिक स्तर, आर्थिक गतिविधियां, व्यवसाय, जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान और प्रवास के कारण जैसी जानकारियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अधिसूचना में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार बैंक खातों की संख्या और मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट तथा ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित विवरण भी लिया जाएगा।

नागरिकों की सुविधा के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर 18001801855, 9456120332 और 9456551589 उपलब्ध कराए गए हैं। जनगणना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एकत्र किए जाने वाले सभी व्यक्तिगत आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रखे जाते हैं। इनका इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय और जनहित संबंधी उद्देश्यों के लिए किया जाता है। जनगणना-2027 में उपयोग किए जा रहे डिजिटल उपकरणों में मजबूत एन्क्रिप्शन और बहुस्तरीय प्रमाणीकरण जैसी आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि नागरिकों के आंकड़ों की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

अधिकारियों ने प्रदेशवासियों से 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रगणकों के घर पहुंचने पर नागरिक सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना सुशासन और विकास नियोजन का महत्वपूर्ण आधार है। इससे प्राप्त आंकड़े आने वाले दशक में विकास योजनाओं, संसाधनों के समुचित वितरण और नीतिगत निर्णयों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

पत्रकार वार्ता में जनगणना निदेशालय के संयुक्त निदेशक एसएस नेगी,उप निदेशक प्रवीण कुमार, आरके बनवारी, सहायक निदेशक संजीव कुमार, वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी अंजू आजाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story