जनगणना अभियान में बढ़चढ़ कर भागीदारी करें : महेंद्र भट्ट

WhatsApp Channel Join Now
जनगणना अभियान में बढ़चढ़ कर भागीदारी करें : महेंद्र भट्ट


देहरादून, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट ने प्रदेश में शुरू जनगणना अभियान की स्व-गणना प्रक्रिया का स्वागत करते हुए प्रदेशवासियों से इसमें बढ़चढ़ कर भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने इसे उत्तराखंड के भविष्य की मजबूत नींव रखने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

महेंद्र भट्ट ने एक जारी बयान में कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्य अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहे हैं, लेकिन योजनाओं को और प्रभावी बनाने के लिए सटीक और अद्यतन आंकड़ों का होना आवश्यक है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े भविष्य की नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि इसके आधार पर इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार तय होता है। एकीकृत डेटा से राज्य के बेहतर भविष्य की दिशा तय होगी।

महेंद्र भट्ट ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपनी सही जानकारी दर्ज करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि नागरिकों की जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी और इसका उपयोग केवल नीतिगत कार्यों के लिए किया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों से भी इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story