सीडीओ के औचक निरीक्षण में पांच कर्मचारी अनुपस्थित, तीन की सेवा समाप्ति की संस्तुति

WhatsApp Channel Join Now
सीडीओ के औचक निरीक्षण में पांच कर्मचारी अनुपस्थित, तीन की सेवा समाप्ति की संस्तुति


-बिना अवकाश स्वीकृत कराए गैरहाजिर मिले सात कर्मचारियों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

-विधायक और सांसद निधि सहित अन्य योजनाओं की धनराशि खर्च नहीं होने पर जताई नाराजगी

हल्द्वानी, 11 नवंबर (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने बुधवार को विकासखंड हल्द्वानी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पांच कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि सात कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए छुट्टी पर पाए गए। सीडीओ ने संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुपस्थिति वाले दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने विकासखंड में संचालित विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इनमें वीबी-जी राम जी,राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम),ग्रामोत्थान, विधायक निधि, सांसद निधि,पंचायतीराज,युवा कल्याण,समाज कल्याण और लघु सिंचाई विभाग के कार्य शामिल रहे।

विधायक निधि,सांसद निधि,राज्य वित्त और 15वें वित्त आयोग के तहत प्राप्त धनराशि का पूरा उपयोग नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों को उपलब्ध धनराशि का शीघ्र उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी भीमताल से दूरभाष पर वार्ता की तो पता चला कि वह बिना अवकाश स्वीकृत कराए और पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय से बाहर गए हैं। उनके कार्यालय में अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। वहीं, विकासखंड भीमताल कार्यालय में अनुपस्थित मिले तीन कर्मचारियों के खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी नैनीताल को संस्तुति भेजी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए चंदा फर्त्याल,खंड विकास अधिकारी बीएस बिष्ट,सहायक खंड विकास अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775405 Articles

Share this story