तहसील परिसर में 20 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया पीआरडी जवान, विजिलेंस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now

हरिद्वार, 19 जून (हि.स.)। रुड़की तहसील परिसर में आज उस समय हड़कंप मच गया जब एक पीआरडी जवान को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। जानकारी के अनुसार तहसील में तैनात पीआरडी जवान संदीप को विजिलेंस टीम ने कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी कर्मचारी को किसी व्यक्ति से मात्र 20 रुपये लेते हुए ट्रैप किया गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह रकम कथित तौर पर चा य-पानी के नाम पर ली गई थी। कार्रवाई के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए तहसीलदार के समक्ष पेश किया गया।

घटना की सूचना फैलते ही तहसील परिसर में चर्चा का माहौल बन गया। विजिलेंस टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि रिश्वत लेने की परिस्थितियां क्या थीं तथा शिकायत किस आधार पर की गई थी। फिलहाल मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story