कार्बन क्रेडिट से उत्तराखंड की आर्थिकी को मिलेगा नया आयाम: किशोर

WhatsApp Channel Join Now

नई टिहरी, 25 नवंबर (हि.स.)। टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि कार्बन क्रेडिट उत्तराखंड की आर्थिकी को नए आयाम देने के साथ किसानों की आय का टिकाऊ स्रोत बन सकता है। राज्य का अधिकांश भू-भाग वनों से आच्छादित है। ऐसे में यहां के विशाल वन क्षेत्र, जैव विविधता और कृषि-पारिस्थितिकी को कार्बन क्रेडिट प्रणाली से जोड़कर आर्थिक लाभ प्राप्त किया जा सकता है।

विधायक किशोर उपाध्याय ने आज यहां जारी बयान में कहा कि प्रदेश सरकार ने कार्बन क्रेडिट से जुड़ी परियोजनाओं के लिए धनराशि का प्रावधान करते हुए पर्यावरण विभाग को नोडल विभाग बनाया है। कृषि वानिकी, मृदा में कार्बन सुधार और जलवायु अनुकूल खेती के माध्यम से किसानों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।

उन्होंने टिहरी जिले के जौनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत खट्ट का उल्लेख करते हुए अन्य गांवों से भी इस मॉडल से प्रेरणा लेकर अपनी परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की अपील की। उन्होंने बताया कि टिहरी और देहरादून क्षेत्र में फैले सोंग नदी बेसिन के फिजिबिलिटी अध्ययन और सर्कुलर इकोनॉमी मॉडल पर काम चल रहा है। इसके तहत जल स्रोतों के पुनर्जीवन को स्थानीय आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि चीड़ की पत्तियों (पिरुल) से बायोचार और ब्रिकेट्स बनाने जैसे उपायों से वनाग्नि की घटनाओं को कम करने में मदद मिल सकती है। साथ ही इन गतिविधियों के जरिए कार्बन क्रेडिट अर्जित करने की संभावनाएं भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परियोजनाएं हिमालय के पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story