मुख्यमंत्री के अनुरोध पर भारतीय उच्चायोग की कैप्टन अजय पंत मामले पर नजर, 16 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री के अनुरोध पर भारतीय उच्चायोग की कैप्टन अजय पंत मामले पर नजर, 16 जुलाई को होगी अगली सुनवाई


देहरादून, 25 जून (हि.स.)। यूनाइटेड किंगडम में न्यायिक हिरासत में रखे गए उत्तराखंड निवासी कैप्टन अजय पंत के मामले में लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध और प्रयासों के क्रम में उच्चायोग द्वारा मामले की सतत निगरानी की जा रही है और राज्य सरकार को नियमित रूप से स्थिति से अवगत कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी को भेजी गई जानकारी में भारतीय उच्चायोग ने बताया कि कैप्टन अजय पंत वर्तमान में एचएमपी विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। 19 जून 2026 को उच्चायोग ने जेल की टेलीफोन व्यवस्था के माध्यम से उनसे संपर्क स्थापित किया था। बातचीत के दौरान कैप्टन पंत ने स्वयं को स्वस्थ बताया और कहा कि उन्हें जेल प्रशासन की ओर से आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ नियमित संपर्क में हैं।

उच्चायोग ने मामले को यूनाइटेड किंगडम के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (एफसीडीओ) के समक्ष भी उठाया है, ताकि कैप्टन पंत को समयबद्ध कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई जा सके और उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा कानूनी अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

पत्र के अनुसार भारतीय उच्चायोग कैप्टन पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता एनर्जियोस मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, कानूनी प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। कंपनी ने कैप्टन पंत को कानूनी सहायता तथा उनके परिवार को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

उच्चायोग ने बताया कि न्यायालय में पेशी के बाद कैप्टन पंत को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि कैप्टन पंत और उनके परिवार को आवश्यक कांसुलर सहायता निरंतर उपलब्ध कराई जाती रहेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अपने नागरिकों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और इस मामले में भारत सरकार, विदेश मंत्रालय तथा भारतीय उच्चायोग के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी संबंधित एजेंसियां समन्वित रूप से कार्य करते हुए कैप्टन अजय पंत को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएंगी।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story