पौड़ी परिसर में टीबी स्क्रीनिंग शिविर में 76 लोगों के एक्स-रे

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर पौड़ी में स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीबी स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में परिसर के छात्रावासों में निवासरत छात्र-छात्राओं एवं संबंधित कार्मिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आवश्यक जांच एवं स्क्रीनिंग की प्रक्रिया पूरी करते हुए विद्यार्थियों और कार्मिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। शिविर के दौरान 76 लोगों के टीबी एक्सरे किए गए। साथ ही टीबी की समय पर जांच, पहचान एवं उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। परिसर निदेशक प्रो. यूसी गैरोला ने कहा कि स्वस्थ विद्यार्थी ही स्वस्थ समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीबी से बचाव एवं लक्षणों के प्रति भी जागरूक किया। इस मौके पर एक्सरे टेक्नीशियन मोहित सिंह, गुंजन, अखिलेश, रेशमा, शालिनी आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story