नैनीडांडा में 108 दिव्यांग व वरिष्ठ नागरिकों को उपकरणों के लिए किया चयन
पौड़ी गढ़वाल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीडांडा में आयोजित विशेष परीक्षण एवं चिन्हीकरण शिविर में 108 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का सहायक उपकरणों के लिए चयन किया गया। जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने एलिम्को के सहयोग से एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत शिविर आयोजित किया।
शिविर में 92 वरिष्ठ नागरिकों को 526 और 16 दिव्यांगजनों को 20 सहायक उपकरणों के लिए चयनित किया गया। चयनित लाभार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण बाद में निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि दिव्यांगजनों के लिए आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाणपत्र और निर्धारित आय प्रमाणपत्र जरूरी है। वरिष्ठ नागरिकों को आधार कार्ड और आय प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होता है। लाभार्थियों को दस्तावेजों की दो-दो छायाप्रतियां और दो पासपोर्ट साइज फोटो भी लाने होते हैं।
शिविर में ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, जिला पंचायत सदस्य मुन्नी ध्यानी, कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र पटवाल, एसडीएम श्रेष्ठ गुनसोला, बीडीओ प्रमोद चंद्र पांडेय समेत एलिम्को की टीम मौजूद रही।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

