काला फीता बांधकर कार्मिकों ने जताया विरोध, मांगें नहीं मानीं तो तेज होगा आंदोलन

WhatsApp Channel Join Now
काला फीता बांधकर कार्मिकों ने जताया विरोध, मांगें नहीं मानीं तो तेज होगा आंदोलन


पौड़ी गढ़वाल, 07 सितंबर (हि.स.)। पुरानी पेंशन बहाली, गोल्डन कार्ड की विसंगतियां दूर करने समेत लंबित मांगों को लेकर सोमवार को मिनिस्टीरियल कार्मिकों ने काला फीता बांधकर विरोध जताया। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर पौड़ी, श्रीनगर और कोटद्वार के विभिन्न विभागों में गेट मीटिंग कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई गई। कार्मिकों ने दो टूक कहा कि मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा।

पौड़ी में संभागीय परिवहन कार्यालय, आयुर्वेदिक एवं यूनानी तथा होम्योपैथिक कार्यालय में संगठन पदाधिकारियों ने कार्मिकों से संपर्क कर आंदोलन में एकजुटता का आह्वान किया। गढ़वाल मंडल अध्यक्ष रेवती नंदन डंगवाल ने कहा कि प्रदेशभर में कार्मिकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की है। संरक्षक संजय नेगी ने सरकार पर गोल्डन कार्ड समेत लंबित मांगों पर ठोस पहल नहीं करने का आरोप लगाया।

जनपद अध्यक्ष सीताराम पोखरियाल ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली पर सरकार की चुप्पी से कार्मिकों में रोष है। उन्होंने कहा कि मांगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आंदोलन के आगामी कार्यक्रमों में पौड़ी के कार्मिक पूरी ताकत से भाग लेंगे।

जनपदीय सचिव दीपक गोड़ियाल ने बताया कि मंगलवार से विभिन्न विभागों के लिए सचल दल गठित किए गए हैं, जो आंदोलन में कार्मिकों की सहभागिता की रोजाना समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि मांगों के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा।

इस दौरान डीसी पुरोहित, संदीप भट्ट, करिश्मा, शंकर चौहान, उद्देश सिंह, कंचन, हेमंत पुरोहित समेत बड़ी संख्या में मिनिस्टीरियल कार्मिक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story