चंपावत में चार अक्टूबर को प्रस्तावित राज्य मंत्रिमंडल बैठक की तैयारियां तेज
चंपावत, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में चार अक्टूबर को प्रस्तावित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को अधिकारियों की टीम ने प्रस्तावित आयोजन स्थल, रूट प्लान और अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर हुए निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं, आवागमन के मार्ग और संसाधनों की उपलब्धता की जानकारी ली। शेष कार्यों को दो अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
प्रस्तावित बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों और शासन स्तर के अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने आयोजन स्थल, यातायात व्यवस्था, रूट प्लान समेत अन्य आवश्यक इंतजामों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्यों की नियमित निगरानी करने और व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। बैठक से पहले तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए विभागीय स्तर पर काम तेज कर दिया गया है। इस दौरान उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार,उप जिलाधिकारी नीतू डांगर,तहसीलदार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

