हाईवे पर बस का इंतजार कर रहे एयरफोर्स कर्मी को बस ने कुचला, मौत
हरिद्वार, 06 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर देर रात सहगल पेट्रोल पंप के पास सड़क हादसे में भारतीय वायुसेना के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर घायल हो गया। दोनों छुट्टी पर हरिद्वार घूमने आए थे और देर रात सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार निजी बस ने दोनों को टक्कर मार दी।
हादसे में मृतक की पहचान योगेश जादोन पुत्र राजकुमार, निवासी जेवर, गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। योगेश भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे और वर्तमान में ग्वालियर में तैनात थे। हादसे में उनके साथी अमित को गंभीर चोटें आई हैं। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है और हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया गया कि योगेश और अमित देर रात सहगल पेट्रोल पंप के पास हाईवे किनारे बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान हिमगिरी नाम की निजी बस ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने योगेश को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान रोहित थापा निवासी कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

