हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर धू-धू कर जलीं दो कारें, हादसा टला

WhatsApp Channel Join Now
हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर धू-धू कर जलीं दो कारें, हादसा टला


हरिद्वार, 21 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर मंगलवार को कुछ ही घंटों के अंतराल में दो अलग-अलग स्थानों पर कारों में भीषण आग लगने की घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, रुड़की फायर स्टेशन की टीम ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए आग पर समय रहते काबू पा लिया।

फायर कर्मियों की सूझबूझ से दोनों वाहनों के सीएनजी और पेट्रोल टैंक सुरक्षित बच गए, जिससे संभावित विस्फोट और बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।

पहली घटना सुबह करीब 7.06 बजे कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे स्थित हवेली होटल के पास हुई। यहां राजस्थान नंबर की मारुति सिलेरियो आरजे-40 सीबी-7207 अचानक आग की चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और हाई प्रेशर पंप व होजरील से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। जिससे कार के सीएनजी और पेट्रोल टैंक तक आग नहीं पहुंच सकी और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

इसके बाद सुबह 11.58 बजे दूसरी सूचना नगला ईमरती के पास दिल्ली-हरिद्वार हाईवे से मिली, जहां टोयोटा ग्लैंजा एचपी 12 आर-0165 में भीषण आग लग गई थी। फायर यूनिट ने मौके पर पहुंचकर हाई प्रेशर पंप और फोम टेंडर की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया और कार का पेट्रोल टैंक फटने से बचा लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story