सुरक्षा मानकों में कमी पर मलेथा का बंजी जंपिंग स्थल सील

WhatsApp Channel Join Now
सुरक्षा मानकों में कमी पर मलेथा का बंजी जंपिंग स्थल सील


नई टिहरी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के टिहरी जिले में कीर्तिनगर तहसील के मलेथा गांव में संचालित मां गंगा बंजी जंपिंग स्थल को सुरक्षा मानकों में कमियां पाए जाने पर जिला प्रशासन ने सील कर दिया है। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन चिकित्सा उपकरणों की अनुपलब्धता और राष्ट्रीय राजमार्ग पर पार्किंग व्यवस्था के बिना वाहनों को खड़ा किए जाने सहित कई खामियां सामने आईं।

उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर पंकज भट्ट ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की टीम ने गुरुवार को नियमानुसार स्थल को सील किया। उन्होंने कहा कि साहसिक पर्यटन गतिविधियों के संचालन में निर्धारित सुरक्षा मानकों, तकनीकी व्यवस्थाओं और आवश्यक अनुमतियों का पालन अनिवार्य है।

प्रशासन ने सील की गई संपत्ति जंप मास्टर अनूप सिंह की सुपुर्दगी में देते हुए निर्देश दिए हैं कि सक्षम अधिकारी के अगले आदेश तक सील से छेड़छाड़ या परिसर में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जाए। सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना स्थल पर किसी भी गतिविधि का संचालन भी नहीं किया जा सकेगा। प्रशासन ने निर्देशों का उल्लंघन किए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761624 Articles

Share this story