मामूली विवाद में खूनी खेल की कोशिश, कर्मचारी पर बरसाईं गोलियां, चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मामूली विवाद में खूनी खेल की कोशिश, कर्मचारी पर बरसाईं गोलियां, चार गिरफ्तार


हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। ज्वालापुर के सुभाष नगर में मामूली विवाद को लेकर प्रॉपर्टी डीलर ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर अपने कार्यालय में काम करने वाले युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने फायरिंग कर युवक को जान से मारने का प्रयास किया।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुग्गावाला थाना क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से फॉर्च्यूनर कार, तीन अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं। एक आरोपी फरार है।

सुभाष नगर निवासी निशांत यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 12-13 नवंबर की रात ब्रेजा और फॉर्च्यूनर कार में सवार पांच लोगों ने उस पर पिस्तौल से फायरिंग की।

तहरीर पर ज्वालापुर कोतवाली में गुड्डू चौधरी, मनोज कुमार, अंकुर वर्मा उर्फ हन्नी, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर कोतवाल ज्वालापुर के नेतृत्व में बाजार चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान की टीम गठित की गई।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 13 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर बुग्गावाला क्षेत्र में दबिश देकर चार को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू चौधरी निवासी शिवालिक नगर, मनोज कुमार निवासी मुजफ्फरनगर, हरेंद्र चौधरी उर्फ सोनू निवासी रानीपुर और संदीप उर्फ मोनू निवासी बागपत के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके पास से 315 बोर की राइफल, 12 बोर की पंप एक्शन गन, 32 बोर की देशी पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस, दो खोखे और फॉर्च्यूनर कार बरामद की है। फरार आरोपित की तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776872 Articles

Share this story