सिडकुल में अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
सिडकुल में अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई


हरिद्वार, 18 मार्च (हि.स.)। सिडकुल हरिद्वार में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सिडकुल क्षेत्र में बुलडोजर कार्रवाई की। नागरिक और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने राजा बिस्कुट चौक समेत आसपास के इलाकों में अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया। इस दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह साफ कराया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।

उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ आज कार्रवाई की गई, उन्हें पहले ही नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बावजूद उन्होंने पालन नहीं किया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों की अनदेखी करने पर प्रशासन को मजबूरन बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा सार्वजनिक भूमि पर कब्जा किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story