उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगी एआई और रोबोटिक्स की आधुनिक शिक्षा, इसी सत्र से शुरू होंगे पाठ्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगी एआई और रोबोटिक्स की आधुनिक शिक्षा, इसी सत्र से शुरू होंगे पाठ्यक्रम


देहरादून, 12 अगस्त (हि.स.)। उत्तराखंड के युवाओं को अब कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में शिक्षा का अवसर मिलेगा। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी) द्वाराहाट में दो नए बीटेक पाठ्यक्रम शुरू करने को मंजूरी दी है।

बीटीकेआईटी में एआई, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स के बीटेक पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से स्ववित्त पोषित माध्यम से संचालित किए जाएंगे। दोनों पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में एआई, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार राजकीय तकनीकी संस्थानों में स्नातक और परास्नातक स्तर पर आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू कर रही है। उन्होंने बताया कि दोनों पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए बीटीकेआईटी की ओर से उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की प्रशासकीय परिषद और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) नई दिल्ली से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त कर लिया गया है।

डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश के अन्य तकनीकी संस्थानों में भी जल्द एआई, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, बॉयोटेक, सेमीकंडक्टर और फुल-स्टैक डेवलपमेंट जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इससे युवाओं को प्रदेश में ही अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story