निजमूला घाटी की 15 ग्राम सभाओं में मोबाइल नेटवर्क ठप, बीएसएनएल टावर की बिजली काटी

WhatsApp Channel Join Now
निजमूला घाटी की 15 ग्राम सभाओं में मोबाइल नेटवर्क ठप, बीएसएनएल टावर की बिजली काटी


गोपेश्वर, 29 नवम्बर (हि.स.)। चमोली जिले की निजमूला घाटी में बीएसएनएल के एकमात्र मोबाइल टावर की बिजली आपूर्ति बंद होने से करीब 15 ग्राम सभाओं में मोबाइल नेटवर्क ठप हो गया है। बिजली विभाग ने 10 लाख 72 हजार 280 रुपये का बिल बकाया होने पर शनिवार को टावर का बिजली कनेक्शन काट दिया। इससे घाटी के ग्रामीणों का बाहरी क्षेत्रों से संपर्क कट गया है। सबसे अधिक परेशानी आपात स्थिति में फोन नहीं लगने से हो रही है।

ब्यारा के पूर्व प्रधान बृजलाल ने बताया कि निजमूला घाटी में बीएसएनएल का एकमात्र मोबाइल टावर है। इसके बंद होने से करीब 15 ग्राम सभाओं के ग्रामीणों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। बाहर रहने वाले परिजनों से बातचीत नहीं हो पा रही है। दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में फोन नहीं लगने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

भाजपा नेता बीरेंद्र फरस्वाण ने बिजली विभाग और बीएसएनएल से आपसी विवाद का जल्द समाधान कर टावर की बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के विवाद का खामियाजा ग्रामीणों को नहीं भुगतना चाहिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

बिजली विभाग के अवर अभियंता दीपक राणा ने बताया कि बीएसएनएल पर पिछले कई वर्षों से बिजली का बिल बकाया था। विभाग की ओर से कई बार भुगतान के लिए सूचित किया गया, लेकिन बकाया जमा नहीं किया गया। इसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर टावर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया।

वहीं,बीएसएनएल के एसडीओ राजेश सैनी ने बिजली विभाग की कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि बीएसएनएल की ओर से 30 नवंबर तक बिजली का बिल जमा करने की बात कही गई थी। इसके बावजूद शनिवार को कनेक्शन काट दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र की संचार व्यवस्था प्रभावित हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785172 Articles

Share this story