आचार्य कुलम के साधकों ने जीते 30 स्वर्ण और दो रजत पदक

WhatsApp Channel Join Now
आचार्य कुलम के साधकों ने जीते 30 स्वर्ण और दो रजत पदक


हरिद्वार, 27 सितंबर (हि.स.)। भारतीय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित दूसरी राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता 2026-27 में आचार्य कुलम, हरिद्वार के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। 26-27 सितंबर को वाराणसी में हुई दो दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के लगभग 130 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें आचार्य कुलम के योग साधकों ने कुल 30 स्वर्ण और 2 रजत पदक जीतकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।

आचार्य कुलम के विद्यार्थियों ने अंडर-14 वर्ग में शानदार शुरुआत करते हुए निवेदिता, यशोदा देवी और अमृत सिन्हा ने 2-2 स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रतिभा दिखाई। प्रणीत ने 1 स्वर्ण और 1 रजत, जबकि अनाया पंडित ने 1 स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में अर्थव सिंह नेगी, यथार्थ साह, यति यस्वी और तनिष्क अग्रवाल ने 2-2 स्वर्ण पदक जीते। प्रतिष्ठा यादव ने 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। जबकि अंडर-19 वर्ग में गोपाल सिंह और दक्ष मलिक ने 1-1 स्वर्ण पदक व नील नितिन मुकेश, सर्विल मोरेश्वर डोंगरे, अलका शर्मा, प्रारंभिक मिश्रा और अविशी अवी ने 2-2 स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

इस स्वर्णिम सफलता पर स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने प्रतिभागी विजेताओं के साथ प्रधानाचार्य स्वाति मुंशी, उप-प्रधानाचार्य तपस बेरा, मुख्य समन्वयिका दीपा, हॉस्टल चीफ वार्डन अमित दानी और उनके प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल पदकों तक सीमित नहीं, बल्कि आचार्य कुलम की योग संस्कृति, अनुशासन और संस्कारों का प्रमाण है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story