दिल्ली रूट पर बीएस-6 बसों से होगी सेवाओं की भरपाई, रोडवेज की ई-टिकटिंग व्यवस्था भी होगी हाईटेक

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली रूट पर बीएस-6 बसों से होगी सेवाओं की भरपाई, रोडवेज की ई-टिकटिंग व्यवस्था भी होगी हाईटेक


देहरादून, 02 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम की बस सेवाएं प्रभावित होने के बीच सरकार दिल्ली मार्ग पर बीएस-6 श्रेणी की नई बसें चलाने की तैयारी कर रही है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही रोडवेज की ई-टिकटिंग प्रणाली को आधुनिक बनाने और बसों की ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था भी लागू की जाएगी।

यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर मंत्री प्रदीप बत्रा ने यह जानकारी दी। मंत्री ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मंत्री बत्रा ने कहा कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जा रही है। परिवहन निगम की यूनियनों के साथ बैठक में सहमति बनने के बाद हड़ताल का मुद्दा भी समाप्त हो गया है। विभाग का प्रयास है कि सभी मार्गों पर बसों का संचालन सुचारू रहे और यात्रियों को परेशानी न हो।

दिल्ली मार्ग पर फिलहाल कुछ बसों का संचालन बंद किया गया है और उन्हें दूसरे मार्गों पर लगाया गया है। उनकी जगह दिल्ली मार्ग पर बीएस-6 बसें चलाई जाएंगी। परिवहन निगम ने 200 नई बीएस-6 बसों की खरीद के लिए टेंडर जारी किया है। अगले महीने तक खरीद प्रक्रिया पूरी कर बसों की आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली मार्ग पर यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों की कमी होने पर अतिरिक्त बसें अनुबंध पर ली जाएंगी। जरूरत पड़ने पर वॉल्वो, और अन्य निजी बस संचालकों की सेवाएं भी ली जा सकती हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रियों की सुविधा के लिए छोटी बसें भेजने की योजना है। वॉल्वो बसों का नवीनीकरण भी कराया जा रहा है।

परिवहन मंत्री ने बताया कि निगम की ई-टिकटिंग व्यवस्था में भी बदलाव किया जा रहा है। नई मशीनों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ‘मेड इन चाइना’ लिखी मौजूदा ई-टिकट मशीनों को बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नई मशीनें आधुनिक तकनीक और सॉफ्टवेयर से लैस होंगी। इनके माध्यम से टिकट कटते ही उसकी जानकारी सीधे निगम मुख्यालय पहुंचेगी।

मंत्री के अनुसार, नई व्यवस्था से मुख्यालय में बैठकर बसों की लोकेशन, उनके रास्ते में रुकने की अवधि और डीजल भरवाने संबंधी जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी। इससे टिकटिंग में पारदर्शिता आएगी और गड़बड़ियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इस संबंध में प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा ।

उन्होंने बताया कि निगम को 60 इलेक्ट्रिक बसें मिल चुकी हैं,जिन्हें मुख्यमंत्री से समय मिलने के बाद हरी झंडी दिखाकर सड़कों पर उतारा जाएगा। ये बसें हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की में सिटी बस सेवा के रूप में चलेंगी। इसके अलावा 130 इलेक्ट्रिक बसें और मिलने वाली हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770848 Articles

Share this story