ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर से मिले सूर्यकांत धस्माना,पर्यटन और शिक्षा में सहयोग पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर से मिले सूर्यकांत धस्माना,पर्यटन और शिक्षा में सहयोग पर चर्चा


देहरादून, 27 जुलाई (हि.स.)। ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा स्मर्लिजियो ने अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान सोमवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने मुलाकात की। बैठक में उत्तराखंड में पर्यटन, शिक्षा, ऊर्जा और निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मसूरी रोड स्थित एक होटल में हुई बैठक में राजीव गांधी स्टडी सर्किल की प्रदेश सचिव सुप्रिया धस्माना भी मौजूद रहीं। धस्माना ने बताया कि अल्बा स्मर्लिजियो पंजाब,हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए ब्रिटिश हाई कमीशन की प्रभारी हैं और अपने दौरे के दौरान शिक्षा, चिकित्सा,औद्योगिक विकास और पर्यटन क्षेत्रों में संभावित सहयोग एवं निवेश के अवसरों का अध्ययन कर रही हैं।

धस्माना ने बैठक में उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा,चारधाम,फूलों की घाटी,राष्ट्रीय उद्यानों, हिमनदों,गंगा-यमुना सहित अन्य नदियों तथा साहसिक और धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में लघु एवं सूक्ष्म जलविद्युत परियोजनाओं के विकास की भी व्यापक संभावनाएं हैं,जिनमें अंतरराष्ट्रीय सहयोग की गुंजाइश है।

सुप्रिया धस्माना ने देहरादून,मसूरी और नैनीताल के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान रखता है। उन्होंने सुझाव दिया कि उच्च शिक्षा और शैक्षणिक आदान-प्रदान के क्षेत्र में ब्रिटेन और उत्तराखंड के संस्थानों के बीच संयुक्त कार्यक्रम विकसित किए जा सकते हैं।

ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा स्मर्लिजियो ने उत्तराखंड में पर्यटन,ऊर्जा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर सकारात्मक रुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान प्राप्त सुझावों और जानकारियों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट ब्रिटिश हाई कमिश्नर और ब्रिटिश सरकार को भेजी जाएगी।

बैठक में ब्रिटिश हाई कमीशन,चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारी एवं राजनीतिक सलाहकार राजेंद्र सिंह नागरकोटी भी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story