रिश्वत प्रकरण में डोईवाला के प्रभारी बीईओ निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
रिश्वत प्रकरण में डोईवाला के प्रभारी बीईओ निलंबित


देहरादून, 24 अप्रैल (हि. स.)। रिश्वत लेने के आरोप में डोईवाला के प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी धनबीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। विभागीय मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए निलंबन प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है। शासन स्तर से औपचारिक आदेश शीघ्र जारी किए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कार्य कर रही है, लेकिन कुछ कार्मिक विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में विजिलेंस टीम ने धनबीर सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद उत्तराखंड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 2003 के तहत उन्हें निलंबित किया गया है।

मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निरीक्षण किए जाएं और छात्र-छात्राओं, अभिभावकों व आमजन से फीडबैक लेकर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया जाए। उन्होंने दोहराया कि अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story