रिश्वत लेते नगर निगम का सफाई नायक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रिश्वत लेते नगर निगम का सफाई नायक गिरफ्तार


देहरादून, 25 मई (हि.स.)। सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने नगर निगम देहरादून के एक सुपरवाइजर, सफाई नायक को सोमवार को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी चांदचक रोड, बंजारावाला में ऑटो पार्ट्स की दुकान है। दुकान के पास पानी फैले होने पर निगम देहरादून में तैनात सुपरवाइजर, सफाई नायक अंकुश कुमार की ओर से उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम-2016 के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया गया था।

आरोप है कि चालान निपटाने के एवज में शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की अवैध रिश्वत मांगी गई। शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर देहरादून की ओर से ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने सोमवार को आरोपित अंकुश कुमार को शिकायतकर्ता से तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story