जाख डाकघर में अवैध धन निकासी की जांच जल्द पूरी करने की उठाई मांग
पौड़ी गढ़वाल, 09 जुलाई (हि.स.)। खिर्सू ब्लाक के जाख डाकघर के खातों में अवैध धन निकासी और कार्यप्रणाली में अनियमितताओं के आरोप को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने आज डाक अधीक्षक से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने मामले की जल्द जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कहा कि जल्द आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
आज खिर्सू ब्लाक के जाख क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने डाक अधीक्षक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि जाख डाकघर में तैनात शाखा पोस्टमास्टर व सहायक शाखा पोस्टमास्टर पर कई खातों में अवैध धन निकासी और कार्यप्रणाली में अनियमितता के आरोप लग रहे है। कहा कि इससे डाक विभाग की विश्वनीयता प्रभावित हुई है। उन्होंने मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई।
वहीं, डाक अधीक्षक विपिन भटट ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के लिए तीन सदस्य टीम बनाई गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरजीत
सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान खालू अमित कंडारी, ग्राम प्रधान थपला धीरेंद्र नेगी, ग्राम प्रधान जाख मनीष रावत, ग्राम प्रधान चमराडा अभिनव धनाई, ग्राम प्रधान खालू अमित कंडारी, राकेश बिष्ट, कुलदीप गुसांई, मस्तान सिंह, रणजीत सिंह आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

